मुंबई। मशहूर एक्ट्रेस और सिंगर सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने एक ब्लंडर कर दिया, जिसके कारण उनकी खूब किरकिरी हुई। बवाल मचा तो उन्होंने तुरंत ही सोशल मीडिया पर माफी मांग ली। दरअसल, सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने अहमदाबाद विमान हादसे में इकलौते जिंदा बचे विश्वास कुमार रमेश को झूठा बता दिया। एक्ट्रेस ने कहा कि विश्वास कुमार झूठ ने झूठ बोला कि वह अहमदाबाद में क्रैश हुए एयर इंडिया विमान में थे। इसी के कारण सुचित्रा कृष्णमूर्ति निशाने पर आ गईं।
मालूम हो कि प्लेन क्रैश में विश्वास कुमार रमेश का जिंदा बचना एक चमत्कार माना जा रहा है और हर तरफ इसकी चर्चा है। 12 जून को हुए अहमदाबाद विमान हादसे में 270 लोगों की जान चली गई थी। सिर्फ विश्वास कुमार रमेश ही जिंदा बचे। लेकिन उन्हीं कि विश्वसनीयता पर सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने सवाल उठा दिया। हालांकि, विवाद बढ़ने पर उन्हें अपना पोस्ट डिलीट करना पड़ा।
सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने विश्वास कुमार को ‘झूठा’ बताया, पागलखाने भेजने की बात कही
सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने X पर लिखा था, ‘तो इस विश्वास कुमार रमेश ने विमान में यात्री होने और एकमात्र जीवित बचे होने के बारे में झूठ बोला? यह वाकई अजीब है। क्या यू.के. में उसके परिवार ने उसकी कहानी की पुष्टि नहीं की? उसके भाई के अंतिम संस्कार का क्या, जिसमें उसे कंधा देते हुए देखा गया था?’ सुचित्रा ने आगे लिखा था कि अगर यह सच है तो विश्वास कुमार रमेश गंभीर सजा का हकदार है। या फिर उसे पागलखाने भेज देना चाहिए।’
यूजर्स ने सुनाई खरी-खोटी ,सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने डिलीट किया ट्वीट
इस पर कई यूजर्स ने सुचित्रा कृष्णमूर्ति को निशाने पर ले लिया और खरी-खोटी सुनाई। यूजर्स और कई पत्रकारों ने सुचित्रा कृष्णमूर्ति को बताया कि खुद अहमदाबाद के अस्पताल ने विश्वास कुमार के एयर इंडिया विमान में होने की पुष्टि की है और इसे मीडिया में भी कवर किया गया। यह देख सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने वो ट्वीट डिलीट कर दिया। हालांकि, वह सोशल मीडिया पर वायरल है।
सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने मांगी माफी
इसके बाद सुचित्रा ने एक नया ट्वीट किया, जिसमें सबसे माफी मांगी। उन्होंने लिखा, ‘एयर इंडिया विमान हादसे में जीवित बचे व्यक्ति पर अपना आखिरी ट्वीट हटा दिया। ऐसा लगता है कि झूठी खबर फैलाई गई, भगवान जाने क्यों। मैं माफी चाहती हूं।’ सुचित्रा ने यह भी कहा कि वह गलत जानकारी उनके एक दोस्त ने सोशल मीडिया पर शेयर की थी। उन्हें बहुत खेद है कि उस गलत जानकारी को उन्होंने रीपोस्ट किया और वैरिफाई तक नहीं किया।