रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रायपुर के साइंस कॉलेज में आयोजित किसान-जवान-संविधान सभा को संबोधित किया। उन्होंने सभा में कहा कि रायपुर में मेरी अध्यक्षता में कांग्रेस का महाधिवेशन हुआ था, जब भूपेश बघेल सीएम थे। रायपुर से सामाजिक न्याय का जो नारा बुलंद हुआ उसने 2024 में मोदी सरकार के अहंकार को तोड़ दिया। आज बीजेपी ऐसी हालात में है कि खुद की सरकार भी नहीं बना सकी। मोदी जी सिर्फ दो टांग लेकर चल रहे हैं, वो भी दूसरे का। एक टांग नीतीश बाबू और एक टांग टीडीपी का है। एक ने भी लात मार दी तो मोदीजी हार जाएंगे।
उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत जय जोहार…., छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया….के नारे से किया। बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी ने छत्तीसगढ़ के लोगों के जीवन को तबाह करने का काम किया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर तंज कसते हुए कहा कि शाह को यहां पर बार-बार क्यों आना, क्या उनका घर है या ससुराल है ? यहां के मुख्यमंत्री को तो बैठो कहने पर बैठ जाते हैं, उठो बोलो तो उठ जाते हैं। इतना अपमान सह रहे हैं, लेकिन पद नहीं छोड़ रहे।
गृहमंत्री अमित शाह पर कसा तंज
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बार-बार छत्तीसगढ़ आने पर तंज कसते हुए कहा कि वो बार-बार छत्तीसगढ़ क्यों आते हैं? क्या ये उनका घर है या ससुराल ? बीजेपी के लोग हर जगह मिलकर गरीबों को लूटने का काम कर रहे हैं। बीजेपी अपने वादों को भूल गई। छत्तीसगढ़ के किसानों और जवानों को साधते हुए कहा कि पीएम मोदी ने जो-जो वादे किये थे, वो पूरा नहीं किये। किसानों और जवानों के साथ धोखा किया।
‘झूठों की सरदार है भाजपा सरकार’
बीजेपी पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि ईडी, सीबीआई का दुरुपयोग कर हमारे नेताओं का डराने का काम किया गया। भाजपा सरकार ने हमारे छत्तीसगढ़ के जवानों और किसानों को धोखा दिया, क्योंकि वो झूठ बोलती है। ये लोग कैसे जीत जाते हैं समझ नहीं आता। ये इतना झूठ बोलते हैं इसीलिए मैं कहता हूं कि ये झूठों के सरदार हैं। ये लोग डबल इंजन की बात करते हैं, ये कैसा डबल इंजन हैं। एक छोटा और एक बड़ा है तो गाड़ी कैसे चलेगी, जो गुलामगिरी करते हैं वही लोग ये सब करते हैं। भाजपा के लोग ऐसा क्या कर रहे हैं कि 2025-26 में इन्होंने 47 हजार करोड़ कर्ज लिया। हमारे जमाने में एक रुपए भी कर्ज बढ़ता था तो लोग रास्ते पर आते थे। कहां है वो लोग, अब क्यों नहीं आते? 11 साल में जो काम इन्हें ठीक से करना था वो नहीं किया। अब फिर प्रदेश का कर्ज बढ़ा रहे हैं।
‘मीटिंग में नहीं आते पीएम मोदी, ये शर्म की बात’
खड़गे ने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान और भारत के बीच तनाव को लेकर कहा कि दो बार मीटिंग हुई, दूसरी बार भी प्रधानमंत्री मोदी मीटिंग में नहीं आए। ये शर्मनाक है। ये विपक्ष ही नहीं देश के लोगों की बेइज्जती है। बार-बार बुलाने के बाद भी पीएम मोदी नहीं आते हैं। ये शर्म की बात है। अंत में खड़गे ने छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया के नारे के साथ अपने उद्बोधन को खत्म किया। बारिश के बीच सभा में पहुंचे लोगों का आभार जताया।