रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है। प्रदेश के कई जिलों में बीते दिनों तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे सुबह-शाम ठंड का असर महसूस किया गया। हालांकि अब मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। विभाग ने यह भी बताया कि अगले सात दिनों तक मौसम सामान्य बना रहेगा।
इस बदलाव के चलते दिन के समय हल्की गर्मी और रात में ठंड का असर धीरे-धीरे कम होता जाएगा। राजधानी रायपुर के मौसम की बात करें तो मंगलवार सुबह हल्की धुंध छाने की संभावना जताई गई है। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
सोमवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 0.8 डिग्री कम था। पूरे दिन आसमान साफ रहा और बारिश नहीं हुई। हवा की गति भी काफी कम, करीब 1 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दुर्ग जिले में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 31.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं सबसे ठंडा जिला अंबिकापुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर, जगदलपुर और राजनांदगांव समेत अन्य जिलों में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।